Jaipur Airport : जयपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट का किराया बढाया, 2000 रूपये तक टिकट बढी
Rajasthan News: भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने अपने एयर स्पेस को भारतीय वाणिज्यिक विमानों के लिए बंद कर दिया है। इस फैसले का सीधा असर जयपुर एयरपोर्ट से खाड़ी देशों की उड़ानों पर पड़ा है। जयपुर-दुबई, मस्कट और अबूधाबी जाने वाली उड़ानों को वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे सफर लंबा होने के साथ किराया भी बढ़ गया है।
10 से 25 मिनट का अतिरिक्त सफर, किराए में 5-8 प्रतिशत की वृद्धि
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार अब ये लाइट्स सूरत एयर स्पेस का उपयोग कर खाड़ी देशों तक पहुंच रही हैं। इससे 10 से 25 मिनट का अतिरिक्त समय लग रहा है।
इस बदलाव के चलते इंडियन एयरलाइन कंपनियों ने हवाई किराया 5 से 8 फीसदी तक बढ़ा दिया है, यानी टिकट पर 1000 रुपए से 2000 रुपए तक का बोझ बढ़ा है। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन और कुछ एयरलाइन कंपनियां समय में मामूली अंतर और किराया वृद्धि से इनकार कर रही हैं।
पाकिस्तान कर देता है एयर स्पेस बंद
सूत्रों का कहना है कि भारत की किसी भी सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान एयर स्पेस बंद कर देता है। वर्ष 2019 में बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद भी ऐसा ही किया गया था। इस स्थिति में राजस्थान, पंजाब और गुजरात से संचालित उड़ानें सर्वाधिक प्रभावित होती हैं।
गंतव्य दूरी पूर्व समय अतिरिक्त समय
दुबई 2055 किमी 3 घंटे 40 मिनट 15-25 मिनट
मस्कट 1796 किमी 3 घंटे 10-20 मिनट
अबूधाबी 2135 किमी 3 घंटे 30 मिनट 10-25 मिनट
(ये आंकड़े हाल ही यात्रा कर चुके यात्रियों के अनुसार हैं)