{"vars":{"id": "125777:4967"}}

राजस्थान में मानसून फिलहाल सुस्त, 21 जुलाई से फिर होगा एक्टिव;इन जिलों में तेज बारिश के संकेत

 

जयपुर। राजस्थान में मानसून फिलहाल ब्रेक पर है, जिसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश कोटा (16.6 मिमी), डूंगरपुर (12.5 मिमी) और अलवर में रिकॉर्ड की गई। वहीं श्रीगंगानगर सहित चार जिलों में अधिकतम तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां और झालावाड़ जिलों में बारिश की संभावना है।

मौसम केंद्र का कहना है कि कमजोर मानसून के कारण अगले तीन से चार दिनों तक कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में ही हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 21 जुलाई से मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद 22-23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में बारिश का दौर तेज हो सकता है।

मौसम विभाग ने 23 से 26 जुलाई के बीच बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।