Rajasthan:-विधायक की स्कॉर्पियो और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत,एक की दर्दनाक मौत
हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे बासनी गणेशजी मंदिर के पास एक कट पर हुआ। पूर्व सरपंच बाबू मोहन मीणा अपनी बाइक से देवली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर से कोटा की ओर जा रही विधायक सुरेश गुर्जर की स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के आगे की नंबर प्लेट पर 'विधायक' लिखा हुआ है।
मौके पर तनाव, पुलिस ने विधायक को निकाला सुरक्षित
हादसे के तुरंत बाद विधायक सुरेश गुर्जर मौके पर ही रुक गए थे। हालांकि, वहां मौजूद भीड़ के गुस्से और बिगड़ते हालात को देखते हुए सुरक्षा कारणों से पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बिठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। विधायक की गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का प्रदर्शन और हाईवे जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच के शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि विधायक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासन ने कराया मामला शांत
हादसे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हिंडोली उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा, तहसीलदार रतनलाल मीणा, डीएसपी अजीत कुमार मेघवंशी और हिंडोली थाना अधिकारी मुकेश कुमार यादव ने टीम के साथ ग्रामीणों से समझाइश की। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने लोगों को शांत करवाया और हाईवे से जाम खुलवाया।