{"vars":{"id": "125777:4967"}}

राजस्थान में 'आसमान से बरस रही आग, 8 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी

 
RAJASTHAN NEWS:-जयपुर/बीकानेर: राजस्थान में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने प्रदेशवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 8 जिलों में भीषण लू (Heatwave) को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

बीकानेर में झुलसाने वाली गर्मी, 40 के पार पहुंचा तापमान

बीकानेर शहर में भी भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है

मुख्य रूप से जिन 8 जिलों के लिए यह अलर्ट जारी हुआ है, वे निम्नलिखित हैं:

  • ​अलवर
  • ​भरतपुर
  • ​डीग
  • ​धौलपुर
  • ​झुंझुनूं
  • ​खैरथल-तिजारा
  • ​कोटपूतली-बहरोड़
  • ​चूरू

​मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। इस हीटवेव का असर बीकानेर, करौली, सीकर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर जैसे अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है।

23 अप्रैल को पारा 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अब शहर में हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ख़ास तौर पर 23 अप्रैल को पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके बाद हालांकि हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन फिलहाल तापमान के 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने के कोई आसार नहीं हैं।

जनजीवन हुआ बुरी तरह प्रभावित

गर्मी के इस बढ़ते असर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह 10 बजे के बाद से ही तेज धूप चुभने लगती है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम हो गई है और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहने को मजबूर हैं।