श्री विश्व गुरुकृपा महोत्सव में नशा मुक्ति और जल संरक्षण का संकल्प
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। सागर स्थित श्री ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम में “श्री विश्व गुरुकृपा महोत्सव” राष्ट्र उन्नति, विश्व बंधुत्व एवं संकल्प दिवस के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में नशा मुक्त समाज, जल संरक्षण, गौ सेवा-संरक्षण, सनातन संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया गया।
अनंत विभूषित राष्ट्र संत परम पूज्य दाताश्री रामेश्वरानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में भगवान शिव के महारुद्राभिषेक, महायज्ञ एवं अमृत महाप्रसाद का आयोजन हुआ। इस दौरान 451 वर्ष प्राचीन भगवान शिव के महारुद्राभिषेक के साथ अति दुर्लभ एकमुखी रुद्राक्ष के दर्शन भी श्रद्धालुओं को सुलभ हुए। महोत्सव में सैकड़ों धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान
दाताश्री रामेश्वरानंद जी महाराज ने अपने शिव तत्व प्रवचन में समाज को नशा मुक्ति एवं जल संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यसन समाज को भीतर से खोखला करता है और राष्ट्र की उन्नति के लिए युवाओं का नशामुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने जल को जीवन का आधार बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से जल संचयन और संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम ने की गुरु वंदना
समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महाराज दाताश्री की गुरु स्तुति एवं वंदना की। उन्होंने अध्यात्म, गुरु-भक्ति और भारतीय संस्कृति को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, युवा शक्ति और संस्कार, स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी सम्मान, गौ सेवा एवं जीव दया तथा डिजिटल सजगता जैसे विषयों पर भी सामाजिक संदेश दिए गए। वक्ताओं ने युवाओं से सोशल मीडिया और मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचकर अपना समय राष्ट्र निर्माण, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं एवं भामाशाहों का सम्मान
समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा एवं व्यवसाय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों एवं गणमान्यजनों को सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में:
प्रो. सुमेरचंद जैन
कैप्टन रामकरण भाकर — संस्कार स्कूल
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में:
डी. पी. पचीसिया — प्रतिनिधि, डीएम मूंधड़ा मेमोरियल हॉस्पिटल
डॉ. बी. सी. डागा
डॉ. रामगोपाल कुमावत — हृदय रोग विशेषज्ञ
भामाशाह एवं समाजसेवा के क्षेत्र में:
सीताराम भांभू — SKL Group
रमेश अग्रवाल ‘कालूबर्डी’ — प्रतिनिधि, हल्दीराम ग्रुप
राजेश चूरा
व्यवसाय एवं उद्योग के क्षेत्र में:
विनोद गोयल — रिद्धि-सिद्धि रिसॉर्ट
इस अवसर पर बीकानेर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, सरपंच रामदयाल गोदारा सहित समाज सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले भामाशाहों, संस्थाओं एवं गणमान्यजनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सफल संयोजन पं. आशीष शास्त्री, श्री श्याम कथा एवं श्रीमद्भागवत कथा वाचक, द्वारा किया गया। आयोजन ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम संस्था परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।