Movie prime

विश्व शांति के लिए पोकरण में होगा अति महारुद्राभिषेक: हरिद्वार से आएगा 20 हजार लीटर गंगाजल, 1500 से अधिक विद्वान करेंगे शिव आराधना

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/पोकरण।विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ पोकरण के ऐतिहासिक रामदेवसर तालाब स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को भव्य 'अति महारुद्राभिषेक' का आयोजन किया जाएगा। इस महाआयोजन में 1500 से अधिक वैदिक पंडित यजुर्वेद के मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का अभिषेक करेंगे, जिसमें अकेले बीकानेर से 700 से अधिक विद्वान अपनी भागीदारी निभाएंगे।

हरिद्वार से टैंकर से मंगाया जा रहा है 20 हजार लीटर गंगाजल

आयोजन के मुख्य यजमान नरेन्द्र गांधी ने बताया कि इस विशेष अनुष्ठान के लिए हरिद्वार से टैंकर भरकर लगभग 20 हजार लीटर पवित्र गंगाजल मंगवाया जा रहा है, जो 16 अगस्त की सुबह पोकरण पहुंचेगा। मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में इसी गंगाजल से 1008 घड़े भरकर शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गन्ने के रस, पंचामृत, घी और दूध से भी भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना होगी। इस अनुष्ठान में बीकानेर और पोकरण के अलावा फलौदी, नागौर, जोधपुर और जैसलमेर सहित कई अन्य स्थानों से भी विद्वान रुद्रीपाठी शामिल होंगे।

बीकानेर से 15 बसों में रवाना होंगे 700 पंडित

आयोजन से जुड़े पं. राजेन्द्र किराडू ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि बीकानेर से 700 से अधिक पंडित 15 बसों के माध्यम से 16 अगस्त को रामदेवरा पहुंचेंगे। इन सभी विद्वानों के ठहरने की समुचित व्यवस्था जाट धर्मशाला में की गई है।

14,641 मंत्रों के जाप से होगा लोक कल्याण: श्रीधर महाराज

बुधवार को इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन श्रीधर महाराज के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीधर महाराज ने अनुष्ठान का महत्व बताते हुए कहा कि यह भगवान शिव की प्रसन्नता और लोक कल्याण के लिए किया जाने वाला एक अत्यंत शक्तिशाली और विस्तृत वैदिक अनुष्ठान है।

​उन्होंने बताया कि इसमें 11 बार 'महारुद्र' की आवृत्ति की जाती है, जिसके तहत कुल 14,641 बार मंत्रों का जाप, रुद्राभिषेक और हवन किया जाता है। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग पर लगातार अभिषेक किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य महादेव की कृपा प्राप्त कर पापों का नाश करना और जीवन में सुख-समृद्धि लाना है।

पोस्टर विमोचन में इनकी रही उपस्थिति

अति महारुद्राभिषेक के पोस्टर विमोचन के अवसर पर पोकरण नगरपालिका के चेयरमैन मनीष पुरोहित, पं. अशोक ओझा, पं. अशोक बिस्सा, पं. मुकेश ओझा, संजय कुमार गांधी, पं. मुरलीधर पुरोहित, गायत्री प्रसाद शर्मा, यज्ञ प्रसाद शर्मा, पं. देवकी नंदन व्यास, रमेश किराडू, मनोज पुरोहित और श्यामसुंदर चूरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व विद्वान उपस्थित रहे।