बीकानेर से उठेगी ग्लोबल टूरिज्म की नई उड़ान, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) का शपथ ग्रहण समारोह कल
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पर्यटन नगरी के रूप में बीकानेर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 11 जुलाई को शाम 6:00 बजे कपिल धारा, बीकानेर में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य केवल नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि बीकानेर को डेस्टिनेशन वेडिंग और ग्लोबल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करना है।
समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी विशिष्ट अतिथि रहेंगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
प्रशासनिक स्तर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, आईजी ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम एवं बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी सहित कई वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
समारोह में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। RBS Retvens के प्रशांत मिश्रा तथा जयपुर की प्रतिष्ठित इवेंट कंपनियां Mapsor और Event Corner पर्यटन, होटल व्यवसाय, डेस्टिनेशन वेडिंग और आधुनिक हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य बीकानेर की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत, रेगिस्तानी पर्यटन और राजस्थानी आतिथ्य को वैश्विक मंच तक पहुंचाना, पर्यटन एवं होटल उद्योग को नई गति देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
फेडरेशन के संभाग अध्यक्ष कुशाल पारीक एवं संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों, होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों तथा आमंत्रित अतिथियों से समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन बीकानेर के पर्यटन विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

