ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’’ के तहत आर्यन पब्लिक सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। राजस्थान पुलिस द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से संचालित ‘‘ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’’ के अंतर्गत आर्यन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीकानेर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा नशे से बचाव के उपायों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्रीमान् महेन्द्र दत्त शर्मा, सी.आई., एंटी नार्काेटिक्स टास्क फोर्स रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों, इसके बढ़ते दुष्प्रभावों तथा नशे की गिरफ्त में आने से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया। श्री शर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव ही नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी कदम है। विद्यार्थियों को गलत संगति, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले भ्रामक प्रभाव तथा नशे की ओर आकर्षित करने वाले किसी भी प्रलोभन से सावधान रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी नशे एवं उससे संबंधित सामाजिक चुनौतियों को लेकर विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
शाला प्रबन्ध समिति के सचिव डॉ. अमित व्यास, शाला प्रभारी श्री हरिप्रसाद व्यास एवं प्रधानाचार्य श्री मुकेश व्यास द्वारा अतिथियों का प्रतीक चिह्न भेंट कर आभार प्रकट किया गया और शाला परिवार की ओर से राजस्थान पुलिस के ‘‘ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’’ के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की गई।
शाला प्रधानाचार्य श्री मुकेश व्यास ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता एवं आत्मअनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री व्यास ने कहा कि एक जागरूक विद्यार्थी अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रहरी बनकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
शाला प्रभारी श्री हरिप्रसाद व्यास ने राजस्थान पुलिस एवं एंटी नार्काेटिक्स टास्क फोर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं समयानुकूल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण संस्था है और विद्यालय का दायित्व केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश देते हुए हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

