Movie prime

बेसिक पी.जी. कॉलेज में एम.ए. जियोग्राफी, एमएस.सी. फिजिक्स सहित गृह विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, चित्रकला के नवीन पाठ्यक्रम शुरू 

 
,,
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर शहर में उच्च शिक्षा को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बेसिक पी.जी. महाविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र से स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कई नए विषयों एवं पाठ्यक्रमों का शुभारम्भ किया गया है। इस हेतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयुक्त कॉलेज शिक्षा एव विश्वविद्यालय स्तर से संबद्धता प्राप्त कर ली गई है यह निर्णय विद्यार्थियों की रुचि, वर्तमान समय की शैक्षिक आवश्यकताओं तथा रोजगारपरक शिक्षा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक स्तर पर कला संकाय में अब गृह विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान एवं चित्रकला विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। इन विषयों के प्रारम्भ होने से विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं कौशल आधारित ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। डॉ. पुरोहित ने कहा कि वर्तमान समय में कम्प्यूटर विज्ञान का महत्व तेजी से बढ़ा है और प्रत्येक क्षेत्र में डिजिटल तकनीक का उपयोग हो रहा है। ऐसे में कम्प्यूटर विज्ञान विषय विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता प्रदान करेगा तथा उन्हें भविष्य में रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर रूप से तैयार करेगा। वहीं गृह विज्ञान विषय छात्राओं सहित सभी विद्यार्थियों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, परिवार प्रबंधन एवं जीवन कौशल से संबंधित उपयोगी ज्ञान उपलब्ध कराएगा। चित्रकला विषय के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिलेगा तथा कला के क्षेत्र में कैरियर निर्माण के नए अवसर विकसित होंगे।
इसी प्रकार स्नातकोत्तर स्तर पर कला संकाय में एम.ए. (जियोग्राफी) तथा विज्ञान संकाय में एम.एससी. (फिजिक्स) कक्षाओं का संचालन भी प्रारम्भ कर दिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन पाठ्यक्रमों के प्रारम्भ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए महानगरों अथवा दूरस्थ शिक्षण संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होने से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से भी विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास ने बताया कि महाविद्यालय में नवीन पाठ्यक्रमों के सफल संचालन हेतु आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय सामग्री एवं योग्य शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा। श्री व्यास ने बताया कि महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। नए विषयों एवं पाठ्यक्रमों के प्रारम्भ होने से न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक संभावनाएँ बढ़ेंगी, बल्कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के स्तर को भी नई पहचान मिलेगी।

महाविद्यालय परिवार ने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इन नवीन पाठ्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ तथा समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।