Movie prime

बीकानेर: ड्यूटी के बाद उल्लास के रंगों में सराबोर हुई पुलिस, एसपी और जवानों ने जमकर किया डांस

 
,,
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर की पुलिस, जो आमतौर पर सख्त अनुशासन और चौबीसों घंटे ड्यूटी में व्यस्त रहती है, बुधवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आई। होली के अवसर पर पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में उत्सव का माहौल रहा, जहां वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक सभी ने मिलकर रंगों का त्योहार मनाया।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने जवानों के साथ थिरकाए कदम

​पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। "हो गई तेरी बल्ले-बल्ले" जैसे पंजाबी गीतों पर एसपी ने स्वयं नृत्य किया, जिसे देख वहां मौजूद जवानों का उत्साह दोगुना हो गया। जवानों ने भी अपने मुखिया के साथ जमकर डांस किया।

​इस अवसर पर एसपी चकवर्ती सिंह और बी.एल. मीणा सहित जिले के सभी थानाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिला अधिकारियों और कर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला पुलिस निरीक्षक कविता पूनिया और अन्य महिला आरपीएस अधिकारियों ने पंजाबी गीतों पर थिरक कर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।

कर्तव्य के साथ मनाया भाईचारे का उत्सव

​एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि पुलिसकर्मी पिछले कई दिनों से शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार ड्यूटी पर तैनात थे। विशेष रूप से पुराने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। ऐसे में बुधवार को जब ड्यूटी से राहत मिली, तो पूरे 'पुलिस परिवार' ने एक साथ होली खेली।

थानों में भी दिखी होली की चमक

​सिर्फ पुलिस लाइन ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न थानों में भी होली का जश्न मनाया गया। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। हालांकि, कुछ पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी की वजह से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन अधिकांश ने एकजुट होकर उत्सव मनाया।