बीकानेर इंजीनियरिंग कॉलेज: 200 कर्मचारियों के करोड़ों के पी.एफ. पर संकट, संघ ने ईपीएफओ (EPFO) से लगाई न्याय की गुहार
Feb 17, 2026, 15:32 IST
THE BIKANER NEWS:बीकानेर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के संघटक कॉलेज, अभियांत्रिकी महाविद्यालय बीकानेर (ECB) में कार्यरत करीब 200 अशैक्षणिक कर्मियों के भविष्य निधि (PF) के भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। 'ईसीबी अशैक्षणिक कर्मचारी संघ' (भामसं) ने इस संबंध में भविष्य निधि संगठन (EPFO), नई दिल्ली के निदेशक को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
कर्मचारी संघ के अनुसार, कॉलेज में पिछले 15-25 वर्षों से श्रम आपूर्ति (Outsource) के माध्यम से कार्यरत करीब 200 कर्मचारियों के वेतन से सितंबर 2013 से अगस्त 2018 के बीच पी.एफ. और ईएसआई की अवैध कटौती की गई। नियमतः यह राशि नियोक्ता (Employer) द्वारा मूल वेतन के अतिरिक्त दी जानी थी, लेकिन इसे कर्मचारियों के मूल वेतन से ही काट लिया गया।
प्रमुख आरोप और मांगें:
- अधूरा भुगतान: बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय ने नवंबर 2024 में बकाया भुगतान के आदेश दिए थे। इसके बावजूद, मार्च 2025 तक केवल 09 प्रतिशत राशि का ही भुगतान किया गया, शेष राशि अब तक बकाया है।
- सौतेला व्यवहार: संघ का आरोप है कि प्रशासन नियमित कर्मचारियों को सातवें वेतनमान और एरियर का भुगतान कर रहा है, लेकिन अल्पवेतनभोगी आउटसोर्स कर्मियों के पी.एफ. भुगतान में बार-बार टालमटोल की जा रही है।
- एकमुश्त भुगतान की मांग: कर्मचारी संघ ने मांग की है कि कॉलेज प्रशासन ब्याज सहित बकाया पी.एफ. राशि का एकमुश्त भुगतान तुरंत करे।
प्रशासन को दी चेतावनी
संघ के महामंत्री दिनेश पारीक ने बताया कि पूर्व में कई बार लिखित और मौखिक आग्रह के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में उन्होंने क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय बीकानेर, कॉलेज प्राचार्य और विश्वविद्यालय के कुलपति को भी प्रतिलिपि भेजकर जल्द समाधान की मांग की है।

