Movie prime

बीकानेर: पीबीएम अस्पताल में 3 माह से वेतन न मिलने पर महिला अटेंडेंट ने खाई नींद की गोलियां

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में ठेके पर कार्यरत एक महिला अटेंडेंट (बाईजी) ने पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने से परेशान होकर मंगलवार रात नींद की गोलियां खा लीं। परिजनों और अस्पताल स्टाफ की मदद से उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

परिवार के भरण-पोषण का संकट

जानकारी के अनुसार, तिलक नगर की रहने वाली यह महिला पिछले कई वर्षों से पीबीएम अस्पताल में अटेंडेंट के रूप में ठेके पर कार्यरत है। महिला की तीन बेटियां हैं और पूरे परिवार का खर्च पूरी तरह से उसी के वेतन पर निर्भर है।

प्रशासन से गुहार के बाद भी नहीं निकला था समाधान

बताया जा रहा है कि अस्पताल के ठेका कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से उनका वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने भुगतान को लेकर कई बार अस्पताल प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी, लेकिन कोई समाधान न निकलने के कारण महिला भारी मानसिक तनाव में आ गई और उसने यह कदम उठा लिया। बेहोशी की हालत में उसे मेडिसिन कैजुअल्टी में भर्ती करवाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

ठेका कंपनी पर वेतन में देरी का आरोप

पीबीएम अस्पताल में अटेंडेंट और सुरक्षा सेवाओं का वर्तमान ठेका मैसर्स पन्नाधाय सिक्यूरिटीज के पास है। श्रमिकों का आरोप है कि जब से इस फर्म को ठेका मिला है, तब से ही वेतन के भुगतान में लगातार देरी की जा रही है।

अस्पताल अधीक्षक ने फर्म को जारी किया नोटिस

इस मामले पर पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए बताया कि श्रमिकों को समय पर वेतन न देने के मामले में संबंधित फर्म को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फर्म के खिलाफ नियमानुसार पेनल्टी लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।