बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सूने मकानों में सेंधमारी करने वाले 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 15 से अधिक वारदातों का खुलासा
सूने मकानों की करते थे रेकी
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बहुत ही शातिराना अंदाज में काम करता था। आरोपी मोटरसाइकिल पर शहर में घूमकर ऐसे मकानों को अपना निशाना बनाते थे, जिनके मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होता था। रेकी करने के बाद रात के समय ये दीवार फांदकर घर में घुसते थे और लोहे के सरियों से अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराकर फरार हो जाते थे।
लगातार हो रही चोरियों से परेशान थी पुलिस
बीते कुछ दिनों में जेएनवीसी थाना क्षेत्र में चोरी की कई बड़ी वारदातें सामने आई थीं।
- 25 जनवरी को सुनील लोट के घर से जेवरात और नकदी चोरी (FIR 36/2026)
- 8 फरवरी को निशा के किराए के मकान से चोरी (FIR 51/2026)
- 13 फरवरी को मिश्रा के घर सी-661 से नकदी, कैमरा व चांदी की मूर्ति की चोरी
- 19 फरवरी को सोहनसिंह के घर ताले तोड़कर लाखों की चोरी (FIR 61/2026)
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
लगातार बढ़ रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए महानिरीक्षक पुलिस (IG) बीकानेर रेंज और पुलिस अधीक्षक (SP) कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टावर लोकेशन निकाली और पुराने चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की। इस दौरान कांस्टेबल सीमान्त (1396) की सीसीटीवी फुटेज से नकाबजनों की पहचान करने में विशेष भूमिका रही, जिसके आधार पर पुलिस मुल्जिमों तक पहुंचने में कामयाब रही।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- विकास उर्फ भेरू (20) निवासी रामदेव मंदिर के पास, बीकानेर।
- नदीम (24) निवासी लक्ष्मी तारा सिनेमा के पीछे, नागौर।
- निखिल तेजी (22) निवासी रामदेव मंदिर के पास, शिवबाड़ी, बीकानेर।
- अजीज उर्फ रोकी (25) निवासी उदयरामसर, बीकानेर।
- राकेश शर्मा (54) निवासी जयपुर रोड, बीकानेर।
- विरेन्द्र (22) निवासी वार्ड नम्बर 2, बीकानेर।
- भगवानाराम (25) निवासी देशनोक, बीकानेर (पेशे से लाइट फिटिंग मिस्त्री)।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सीआई विक्रम तिवारी, एसआई ईश्वरसिंह, एसआई झंवरलाल, हेड कांस्टेबल इमीचन्द और रामावतार के साथ कांस्टेबल हरफूल, राजाराम (711), सुनील, गणेश, सीमान्त, राजाराम (508) और प्रभुराम शामिल रहे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे चोरी का माल बरामद होने और अन्य वारदातों के खुलने की संभावना है।

