बीकानेर: जरूरतमंदों के लिए रोटरी रॉयल्स की बड़ी पहल, 'ड्रीम्स टू रियलिटी' की आय से शुरू मेडिकल इमरजेंसी बैंक,बीकानेर आएंगे प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल*
प्रेरक कार्यक्रम की आय से साकार होंगे सेवा कार्य
क्लब अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि रोटरी रॉयल्स और रोटरी अपराइज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात वक्ता जया किशोरी जी ने प्रेरक संबोधन दिया था। स्पॉन्सर्स से प्राप्त आय को सेवा कार्यों में लगाने का संकल्प लिया गया है।
मेडिकल इमरजेंसी बैंक में मिलेंगी ये निःशुल्क सुविधाएं:
क्लब सचिव विपिन लड्ढा के अनुसार, इस इमरजेंसी बैंक के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को कई चिकित्सा उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
- उपलब्ध उपकरण: फोल्डिंग बेड, व्हील चेयर, वॉकर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, नेबुलाइजर आदि।
- विशेष सहयोग: गोमादेवी चेरीटेबल फाउंडेशन के सहयोग से इसमें कई अन्य उपयोगी सामान भी जोड़े गए हैं।
- ऐप से होगी बुकिंग: रोटेरियन राजीव माथुर नियोलोजिक्स द्वारा विकसित एक खास ऐप के जरिए इस बैंक का संचालन होगा। इसी ऐप के माध्यम से बुकिंग की जा सकेगी और कोई भी दानदाता अपनी ओर से सामान डोनेट भी कर सकेगा।
प्रदेश का पहला आभा (ABHA) आईडी केंद्र
वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुनील हर्ष ने एक और अहम जानकारी देते हुए बताया कि जिला अस्पताल में प्रदेश का पहला 'आभा आईडी केंद्र' स्थापित किया गया है इससे मरीजों का पूरा स्वास्थ्य डाटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा।
'स्वर्ग रथ' के बाद अब नई शुरुआत
क्लब उपाध्यक्ष डॉ. विकास पारीक ने बताया कि इससे पहले “ड्रीम टू रियलिटी” के पहले चरण की आय से 'रोटरी स्वर्ग रथ सेवा' शुरू की गई थी, जिसका सफलतापूर्वक संचालन दोनों क्लब मिलकर कर रहे हैं। चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी ने बताया कि बीकानेर स्थापना दिवस माह में होने वाले इस आयोजन के लिए कमेटियां बना दी गई हैं।
जल्द बीकानेर आएंगे कन्हैया मित्तल
पूर्वाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि ऐसे आयोजन युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, वरिष्ठ सदस्य जगदीप सिंह ओबेरॉय ने जानकारी दी कि आने वाले समय में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल और उनकी टीम द्वारा एक भव्य भजन संध्या का आयोजन भी प्रस्तावित है।
इस पूरी रूपरेखा की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस का संयोजन रोटेरियन आनंद आचार्य ने किया। वार्ता को रोटरी प्रांत 3053 की प्रांतपाल डॉ. निशा शेखावत, वरिष्ठ रोटेरियन राजेश बवेजा, संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी, सचिव विपिन लढ़ा और पूर्व अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने संबोधित किया। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अंकुश चमड़िया, राजेश खत्री, देवेंद्र सिंह, रमेश अग्रवाल, डॉ. पुनीत खत्री समेत क्लब के कई युवा और अनुभवी सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

