बीकानेर: दुकान से सामान खरीदकर बिना पैसे दिए फरार हुए तीन युवक, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक दुकान से सामान खरीदने के बाद बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक पर आए तीन युवक करीब 15 हजार रुपये का सामान लेकर मौके से निकल गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
दुकानदार के अनुसार, तीनों युवक बाइक पर दुकान पर पहुंचे और विभिन्न सामान खरीदा। सामान लेने के बाद वे भुगतान किए बिना ही फरार हो गए। घटना का पता चलने पर दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली।
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए पुलिस को सख्त कार्रवाई कर ऐसे बदमाशों पर अंकुश लगाना चाहिए।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

