Movie prime

ब्रह्मनाद-2083 बुधवार को: पुष्करणा स्टेडियम में होगा भव्य सांस्कृतिक महोत्सव

 
,,

एक माह से चल रही तैयारियां अंतिम चरण में, मंगलवार को घर-घर बांटे पीले चावल

भगवान विष्णु के दशावतार का होगा आकर्षक मंचन

बीकानेर सांस्कृतिक मंच द्वारा हिन्दू नव संवत्सर के उपलक्ष्य में आयोजित ब्रह्मनाद संवत् 2083 के भव्य आयोजन की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। पिछले एक माह से चल रही व्यापक तैयारियों के बाद अब कार्यक्रम को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन के प्रचार के अंतिम चरण में मंगलवार को घर-घर जाकर पीले चावल बांटकर नागरिकों को आमंत्रित किया गया।

नव संवत् 2083 की पूर्व संध्या पर पुष्करणा स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण केंद्र रहेगा। विशाल मंच, विशेष साज-सज्जा और भव्य व्यवस्थाओं के बीच कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारियां की गई हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान विष्णु के दशावतार का भव्य नाट्य मंचन होगा, जिसमें मत्स्य से लेकर कल्कि अवतार तक के दर्शन दर्शकों को कराए जाएंगे। इसके साथ ही ‘श्रीसखी’ मंडली द्वारा शास्त्रीय भजनों की प्रस्तुति तथा ईशा नाथ मंडल द्वारा ऊर्जावान भजनों के माध्यम से नवरात्रा का आगाज किया जाएगा।

बीकानेर सांस्कृतिक मंच के डॉ. उमाकांत व्यास ने बताया कि भारतीय परंपरा के अनुसार पीले चावल बांटकर घर-घर आमंत्रण दिया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं।