कक्षा 9वीं एवं 10वीं में वाणिज्य विषय हो पुनः लागू*
*सर्वांगीण विकास, औद्योगिक प्रगति तथा राज्य के आर्थिक सुदृढ़ीकरण का मुख्य कारक है वाणिज्य संकाय
Apr 6, 2026, 20:45 IST
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, सचिव वीरेंद्र किराडू एवं विजय चांडक ने बीकानेर कोमर्स क्लब की मांग पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को कक्षा 9वीं एवं 10वीं में वाणिज्य (बुककीपिंग/लेखाशास्त्र) विषय को पुनः लागू करने बाबत पत्र भिजवाया | पत्र में बताया गया कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व पाठ्यक्रम में कक्षा 9वीं एवं 10वीं स्तर पर वाणिज्य से संबंधित विषय जैसे बुककीपिंग (पुस्तपालन), वाणिज्यिक गणित एवं व्यापारिक ज्ञान पढ़ाए जाते थे। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर ही व्यापारिक गतिविधियों, लेखांकन के सिद्धांतों, जर्नल प्रविष्टियों तथा खाता-बही की मूलभूत जानकारी प्राप्त होती थी । वर्तमान समय में यह विषय केवल उच्च माध्यमिक 11वीं-12वीं स्तर से प्रारंभ होता है, जिसके कारण विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आधारभूत समझ विकसित करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता । आज के आर्थिक एवं औद्योगिक परिदृश्य में यह अत्यंत आवश्यक है कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही उद्योग एवं व्यापार की समझ प्रदान की जाए । विशेष रूप से, उद्योगों को समझने, व्यापारिक प्रक्रियाओं को जानने तथा व्यावहारिक आर्थिक गतिविधियों में दक्ष बनने के लिए वाणिज्य शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है । यदि विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं एवं 10वीं से ही यह विषय पढ़ाया जाएगा, तो वे आगे चलकर अधिक परिपक्व, व्यवहारिक एवं उद्योगोन्मुख बन सकेंगे । इससे स्थानीय उद्योगों को भी प्रशिक्षित एवं जागरूक मानव संसाधन प्राप्त होगा । विद्यार्थियों में प्रारंभिक स्तर से ही आर्थिक एवं व्यावसायिक समझ विकसित होगी । साथ ही उद्योगों एवं व्यापारिक प्रक्रियाओं को समझने की क्षमता बढ़ेगी तथा लेखाशास्त्र एवं व्यवसायिक अध्ययन में रुचि बढ़ेगी साथ ही साथ भविष्य में कॉमर्स विषय चुनने वाले विद्यार्थियों के लिए मजबूत आधार तैयार होगा तथा स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन विकसित होगा ।

