राजकीय डूंगर महाविद्यालय में संविधान दिवस एवं योग शिविर का आयोजन
राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर की राष्ट्रीय स्वयंसेवक स्थानीय इकाई द्वारा आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को “मेरा अभिमान—मेरा संविधान” विषय पर संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान प्रस्तावना का वाचन, शिक्षाप्रद उद्बोधन तथा योग शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर राजेंद्र कुमार पुरोहित ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में सभी स्वयंसेवकों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई तथा उनके कर्तव्यों और अधिकारों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
कॉमर्स संकाय के एचओडी प्रो. राजकुमार ठठेरा ने स्वयंसेवकों को संविधान का महत्व बताया और संविधान को “भारत की आत्मा” बताते हुए इसके मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सुनीता गुर्जर, महिला प्रभारी पतंजलि योगपीठ, उपस्थित रहीं। उन्होंने योग की विभिन्न मुद्राओं को समझाते हुए स्वयंसेवकों को उनका अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविकांत व्यास ने किया, जिन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत भी किया।
डॉ. पूजा कस्वां ने “पहला सुख निरोगी काया” का संदेश देते हुए योग शिविर का शुभारंभ करवाया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया और संविधान तथा योग दोनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

