बिना दहेज शादी करने वाले जोड़ों और होनहार विद्यार्थियों का होगा सम्मान, कल आयोजित होगा 'प्रेरणा जिनल अवार्ड 2026'
बीकानेर। शहर के पारीक चौक स्थित हैप्पी नर्सरी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल के सभागार में शनिवार, 21 फरवरी को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेघाराम रूखमणी देवी हाटीला मेमोरियल संस्थान की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं और आदर्श प्रस्तुत करने वालों को 'प्रेरणा जिनल अवार्ड 2026' से नवाजा जाएगा।
संस्थान के सचिव भवानी हाटीला ने बताया कि सम्मान समारोह दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा। इस वर्ष 'प्रेरणा जिनल अवार्ड' मुख्य रूप से दो श्रेणियों में दिया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने वर्ष 2025 में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
इसके अलावा, समाज में एक सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से पाबूबारी क्षेत्र के उन नवदंपतियों को भी इस विशेष अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बिना दहेज के आदर्श विवाह किया है। संस्थान की यह पहल समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने का एक सराहनीय कदम है।

