भस्म महाआरती, भव्य महाशृंगार एवं भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बीकानेर (18 अगस्त 2026)। सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर श्री धरणीधर महादेव मंदिर में आयोजित “बाबा भूतेश्वर धरणीधर महादेव नगर भ्रमण, दिव्य महाभिषेक एवं भस्म-महाआरती भव्य सावन महोत्सव” आज श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भूतेश्वर धरणीधर महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।
दोपहर 1:00 बजे श्री धरणीधर महादेव मंदिर से बाबा भूतेश्वर धरणीधर महादेव की भव्य नगर भ्रमण यात्रा विधिवत रूप से रवाना हुई। बाबा की दिव्य सवारी के दर्शन के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी तथा भक्तों ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। यात्रा में अनुशासित बैंड की विशेष प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर भ्रमण यात्रा उस्तों की बारी, आचार्यों का चौक, मोहता चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारगुवाड़ चौक, नत्थूसर गेट एवं जोगमाया मंदिर के आगे से होते हुए गोस्वामी मोहल्ला मार्ग से पुनः श्री धरणीधर महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने बाबा भूतेश्वर धरणीधर महादेव के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इसके पश्चात मंदिर परिसर में विद्वान पंडितों एवं आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान भूतेश्वर धरणीधर महादेव एवं मां पार्वती का दिव्य महाभिषेक सम्पन्न हुआ। वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न महाभिषेक के पश्चात बाबा का भव्य एवं अलौकिक महाशृंगार किया गया।
सायंकाल भस्म महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव एवं बाबा भूतेश्वर धरणीधर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाआरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महोत्सव के तहत भव्य भजन संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायकों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।
आयोजन को सफल बनाने में धरणीधर श्रृंगार कमेटी के अध्यक्ष रवींद्र आचार्य, कैशियर अभिषेक आचार्य, सचिव शुभम आचार्य,दिनेश व्यास, विशाल, देवांश वशिष्ठ, अभिषेक पुजारी सहित कमेटी के अन्य सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी सदस्यों ने नगर भ्रमण यात्रा से लेकर महाभिषेक, भस्म महाआरती, महाशृंगार एवं भजन संध्या तक व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।
धरणीधर श्रृंगार कमेटी के अध्यक्ष रवींद्र आचार्य ने आयोजन की सफलता पर सभी संतों, विद्वान पंडितों, वरिष्ठजनों, श्रद्धालुओं, कलाकारों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा भूतेश्वर धरणीधर महादेव की कृपा से इस वर्ष का सावन महोत्सव अत्यंत भव्य एवं अविस्मरणीय रहा तथा आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

