Movie prime

बीकानेर की कच्ची बस्तियों एवं उपेक्षित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

 
,,
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी, बीकानेर के संरक्षक राजकुमार किराड़ू के नेतृत्व में बीकानेर शहर की विभिन्न कच्ची बस्तियों एवं उपेक्षित आवासीय क्षेत्रों के नागरिकों द्वारा राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नाम एक विस्तृत ज्ञापन संभागीय आयुक्त, बीकानेर संभाग के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर शहर की अनेक कच्ची बस्तियों एवं उपेक्षित क्षेत्रों में आज भी हजारों परिवार सड़क, नाली, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं जल निकासी जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं से वंचित हैं। स्वतंत्रता के लगभग आठ दशक बाद भी इन क्षेत्रों में विकास कार्यों का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।
ज्ञापन में विशेष रूप से बंगला नगर, सर्वोदय बस्ती, करमीसर, जंभेश्वर नगर, ओडों का बास, भाटों का बास, राजीव नगर, श्रीरामसर, लेखा बाड़ी, सुजानदेसर, जनता प्याऊ, चौपड़ा बाड़ी, गंगाशहर, खेतेश्वर बस्ती, गोपेश्वर बस्ती, कुम्हारों की मोड़ सहित अनेक क्षेत्रों की समस्याओं का उल्लेख किया गया। नागरिकों ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं, नालियों एवं सीवरेज व्यवस्था का अभाव है, पेयजल आपूर्ति अपर्याप्त है तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 21 एवं 47 के तहत प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन, स्वच्छ वातावरण एवं स्वास्थ्य संबंधी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना राज्य का दायित्व है। वर्तमान परिस्थितियों में इन क्षेत्रों के नागरिकों का जीवन स्तर प्रभावित हो रहा है तथा उनके संवैधानिक अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सोसाइटी एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बीकानेर शहर की सभी कच्ची बस्तियों एवं उपेक्षित क्षेत्रों का विशेष सर्वेक्षण करवाकर विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही पक्की सड़कें, नालियां, सीवरेज लाइन, नियमित पेयजल आपूर्ति तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों के लिए विशेष बजट आवंटित कर समयबद्ध क्रियान्वयन एवं निगरानी व्यवस्था भी स्थापित करने की मांग की गई।
प्रमुख समस्याएं
अधिकांश स्थानों पर सड़कें कच्ची अथवा अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है।
नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का अभाव होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है।
सीवरेज लाइन नहीं होने के कारण गंदगी एवं संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
पेयजल आपूर्ति अनियमित एवं अपर्याप्त है।
पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात्रि में असुरक्षा एवं दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
बरसात के दिनों में जलभराव एवं कीचड़ के कारण नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इन परिस्थितियों के कारण हजारों नागरिकों का जीवन स्तर प्रभावित हो रहा है तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन का उनका संवैधानिक अधिकार बाधित हो रहा है।
प्रमुख मांगें
बीकानेर शहर की सभी कच्ची बस्तियों एवं उपेक्षित क्षेत्रों का 10 दिवस के भीतर विशेष सर्वेक्षण करवाया जाए।
प्रत्येक क्षेत्र हेतु विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
पक्की एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाए।
नालियों एवं सीवरेज लाइन का निर्माण करवाकर समुचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए।
प्रत्येक गली एवं सार्वजनिक मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।
विकास कार्यों के लिए विशेष बजट आवंटित कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करवाए जाएं।
जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों की संयुक्त निगरानी समिति गठित कर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
संरक्षक राजकुमार किराड़ू ने कहा कि यदि समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से अपनी आवाज उठाने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने राज्य सरकार से बीकानेर की उपेक्षित बस्तियों के लाखों नागरिकों के हित में त्वरित एवं ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ज्ञापन की प्रतिलिपि माननीय अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री, भारत सरकार तथा माननीय सुमित गोदारा, मंत्री, राजस्थान सरकार को भी प्रेषित की गई है।
इस अवसर पर कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न कच्ची बस्तियों के निम्न नागरिक उपस्थित रहे जिसमे प्रमुख रूप से कन्हैया लाल भाटी, अनंत नारायण श्रीमाली , दीपक सोलंकी ,रफ़ीक, बालकिशन , रजत गहलोत ,बसंत भोजक , रामचंद्र ओझा , भंवर खा , शोकिन अली , ओम प्रकाश सुथार , गिरिराज व्यास , नवीन बिस्नोई , संजय सांखला , भगवाना राम , मूलचंद , प्रकाश , कैलाश छींपा, राजेश बिश्नोई , सुनील पंवार , हंसराज, उमैद सिंह ,किशन किराडू