दो दिन से लापता चार साल के बच्चे का शव मिला नहर में
THE BIKANER NEWS बीकानेर के सत्तासर गांव से दो दिन पहले लापता हुए चार साल के बच्चे का शव इंदिरा गांधी नहर में मिला है। एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाल लिया है। ये बच्चा मंगलवार दोपहर करीब एक बजे घर से लापता हुआ था। घर वाले परिजनों के यहां और आसपास के गांवों में ढूंढ़ते रहे लेकिन अब वो नहर में मृत अवस्था में मिला है।
सत्तासर इंदिरा गांधी नहर में 4 वर्षीय बच्चे के गिरने की आशंका में बुधवार से एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू शुरू किया था। अजान खा (4 साल) पुत्र लाल खा मंगलवार दोपहर एक बजे अपने घर पर नहीं था। घर वालों ने आनन-फानन में पहले पड़ौसियों के यहां ढूंढा, आसपास के खेतों में देखा। वो नहीं मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। बच्चे के पैरों के निशान इंदिरा गांधी नहर के पटरे तक नजर आए। इंदिरा गांधी नहर में गिरने की आशंका को देखते हुए परिजनों ने छतरगढ़ पुलिस को सूचना दी। थाना अधिकारी भजनलाल लावा ने एसडीआरएफ टीम बीकानेर से संपर्क किया। एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन इंदिरा गांधी नहर में चला। गुरुवार को ये बच्चा मिल गया।
बच्चा नहर तक कैसे गया? इसकी छानबीन की जा रही है। महज चार साल का बच्चा अपने घर से नहर के पटड़े तक पैदल आ गया और नहर में गिर गया। इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस जांच कर रही है। अब पुलिस ने उसका शव मोर्चरी में रखा है, जहां पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद ही परिजनों को सौंपा जाएगा।