गोविन्द्स ट्रस्ट ने कैंसर अस्पताल में बांटे फल-छाछ, मरीजों के लिए भेंट किए दो एयर कूलर
THE BIKANER NEWS:^बीकानेर, 25 जून। पीड़ित मानवता की सेवा के लिए समर्पित गोविन्द्स ट्रस्ट, बीकानेर द्वारा गुरुवार को पीबीएम अस्पताल परिसर स्थित आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र में राहत एवं सेवा अभियान चलाया गया।
ट्रस्ट की टीम ने भीषण गर्मी और लू को देखते हुए अस्पताल में भर्ती आर्थिक रूप से कमजोर कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों को ठंडी छाछ, लस्सी और ताजे फलों का वितरण किया। इस दौरान मरीजों और उनके साथ आए परिजनों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इसके बाद ट्रस्ट की ओर से टर्शियरी कैंसर केयर (TCC) वार्ड में भर्ती गंभीर मरीजों की सुविधा के लिए दो नए बड़े एयर कूलर निःशुल्क भेंट किए गए, जिन्हें वार्ड में स्थापित भी करवाया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच इन कूलरों से मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
सेवा कार्य के दौरान ट्रस्ट के कमल किराडू, शुभम श्रीमाली, सूर्यप्रकाश पुरोहित, भुवनेश, दीपक, हेमंत, आशीष, राहुल, मनोज, चन्द्रेश, चंद्र प्रकाश छवि, अख्तर और अभिषेक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
अस्पताल प्रशासन एवं मरीजों के परिजनों ने गोविन्द्स ट्रस्ट की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत पहुंचाने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

