Movie prime

बीकानेर के देशनोक में खौफनाक वारदात: घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति और पोतों पर जानलेवा हमला

 
,,

 

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 5 अगस्त। देशनोक थाना क्षेत्र के नुसिहों का बास में मंगलवार देर रात एक परिवार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र के अनुसार कुछ लोग हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें बुजुर्ग दंपत्ति और उनके दो पोते गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिकायत के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अमन दान, पिनू और अशोक दान कैंपर गाड़ी में सवार होकर घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों लाठी, लोहे की पाइप और सरियों से लैस थे तथा घर में घुसते ही परिवार पर हमला कर दिया।
हमले में पोते करण सुथार के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि नेत्रहीन मांगीलाल सुथार के कमर और पैरों पर वार किए गए। शिकायतकर्ता 73 वर्षीय मनोहरी देवी के पैरों में भी चोटें आई हैं, जिन पर टांके लगाए गए हैं। वहीं दूसरे पोते कुलदीप पर कैंपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। बचाव के दौरान उसके हाथों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने जाते समय धमकी दी कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रात करीब 2 बजे मुख्य आरोपी दो-तीन अन्य लोगों के साथ दोबारा घर आया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
मनोहरी देवी ने देशनोक थाने में लिखित शिकायत देकर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी, परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।