Movie prime

 सैकड़ो निजी स्कूल रहे बंद, मासिक निरीक्षण के आदेश के विरोध में शिक्षा निदेशालय पर प्रदर्शन

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शिक्षा विभाग द्वारा निजी स्कूलों में हर महीने निरीक्षण के आदेश के विरोध में सोमवार को बीकानेर के करीब 300 निजी स्कूल बंद रहे। निजी स्कूल संचालकों, शिक्षकों और स्टाफ ने कलेक्ट्रेट से शिक्षा निदेशालय तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के फैसले का विरोध जताया और निदेशालय के बाहर धरना दिया।


सुबह करीब 11 बजे दो हजार से अधिक स्कूल संचालक, शिक्षक और कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद सभी रैली के रूप में शिक्षा निदेशालय पहुंचे, जहां शिक्षा मंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आदेश वापस लेने की मांग की गई।
प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर थाना पुलिस ने शिक्षा निदेशालय के मुख्य गेट पर ताला लगवा दिया। इसके चलते अपने कार्य से पहुंचे आम लोगों, अभ्यर्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा एक अभ्यर्थी हाईकोर्ट का आदेश लेकर पहुंचा, लेकिन उसे भी प्रवेश नहीं मिला। वहीं आरटीई से संबंधित शिकायत लेकर आई एक महिला भी अधिकारियों से मुलाकात नहीं कर सकी।


प्राइवेट स्कूल संगठन सेवा के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने चेतावनी दी कि यदि मासिक निरीक्षण का आदेश वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के निजी स्कूल अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।