Movie prime

राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा महासभा का स्वतंत्रता दिवस समारोह

देशप्रेम के साथ सामाजिक एकजुटता और संगठन की मजबूती का दिया संदेश

 
,,

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा, प्रधान कार्यालय बीकानेर की ओर से दमानी चौक स्थित कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव प्रमुखता से दिखाई दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि बनवारी लाल पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

महासभा अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और संस्कारों में निहित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सामाजिक सेवा, शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएं।

प्रांतीय महासचिव राजेश शर्मा ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए समाज में भाईचारा, सहयोग और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना चाहिए।

संगठन मंत्री जुगल किशोर सेवग ने सामाजिक संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि समाजबंधुओं के बीच निरंतर संवाद, आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है।

बीकानेर संभाग के महासचिव निलेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी में देशभक्ति के साथ सामाजिक संस्कार और संगठन के प्रति जुड़ाव भी मजबूत होता है।

कार्यक्रम का संचालन गणेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर महासभा के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ संयोजक विकास शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। समारोह के अंत में बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मनोज शर्मा, अरुण शर्मा, जैनेंद्र शर्मा,जीतू शर्मा, तेजश शर्मा ,खुश शर्मा सहित अनेक समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।