अणचाबाई अस्पताल में राधा-कृष्ण एवं गणेश जी की मूर्ति स्थापना कल
बीकानेर। शहर के अणचाबाई अस्पताल (सिटी डिस्पेंसरी नं. 1) में शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को प्रातः 9 बजे भगवान राधा श्रीकृष्ण एवं श्री गणेश जी की मूर्तियों की स्थापना पूर्ण विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ की जाएगी। स्थापना से पूर्व भव्य हवन का आयोजन होगा, जिसके पश्चात मंदिर में मूर्तियों को विधिवत विराजमान किया जाएगा।
पिछले दो दिनों से हिंदू परंपरा के अनुसार विद्वान पंडितों द्वारा मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न किया जा रहा था। हिंदू मान्यता के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात मूर्ति में दिव्यता और चेतना का वास माना जाता है।
कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 9 बजे आध्यात्मिक वातावरण में भव्य हवन कर परिसर को पूर्ण रूप से शुद्ध किया जाएगा। विशेष बात यह है कि मंदिर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना के लिए आवश्यक धनराशि अस्पताल के डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा स्वेच्छा से वहन की गई है।

