एपीजे अब्दुल कलाम योजना में बीकानेर की जानस्वी शर्मा का परचम, जिला रैंक-2 से बढ़ाया विद्यालय का मान
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। राजकीय मोहता मूलचंद विद्यालय की कक्षा 8 की प्रतिभाशाली छात्रा जानस्वी शर्मा, पुत्री अजय कुमार शर्मा, ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना 2026-27 की चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीकानेर जिले में द्वितीय स्थान (जिला रैंक-2) प्राप्त किया है। चयन सूची में 583 अंक अर्जित कर जानस्वी शर्मा ने विद्यालय, परिवार और समाज का गौरव बढ़ाया है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, व्यवहारिक ज्ञान, व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण तथा अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण जैसे अवसर प्रदान किए जाते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रीय दृष्टिकोण का विकास हो सके।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य ने जानस्वी शर्मा को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि जानस्वी शर्मा अध्ययन के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जानस्वी शर्मा भविष्य में भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर विद्यालय, परिवार तथा बीकानेर जिले का नाम प्रदेश और देशभर में गौरवान्वित करेंगी।

