Movie prime

बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम में जोरदार प्रदर्शन, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

 
,,

बीकानेर।

शहर के वार्ड संख्या 57, 56 एवं 43 में लंबे समय से व्याप्त मूलभूत नागरिक समस्याओं को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया तथा निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि कई स्थानों पर सीवरेज एवं पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जिससे लोगों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिल रही है। वहीं सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, जिसके चलते जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

इसके अलावा वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा रहने के कारण दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। कई स्थानों पर सड़कें टूटी हुई हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही टूटी हुई नालियों के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि सभी समस्याओं का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।