Movie prime

कोलायत में माइनिंग कार्य ठप: नए नियमों के विरोध में अनिश्चितकालीन लोडिंग बंद, सैकड़ों ट्रक खड़े

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/कोलायत। कोलायत के टेचरी फांटा क्षेत्र में माइनिंग विभाग के नए नियमों के विरोध में माइंस एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन लोडिंग बंद करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के चलते पिछले चार दिनों से खनन सामग्री की लोडिंग पूरी तरह ठप है, जिससे क्षेत्र में सैकड़ों ट्रक खड़े हैं और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है।
युवा कांग्रेस बीकानेर जिला सचिव दिनेश पुष्करणा ने बताया कि लोडिंग बंद होने के साथ ही कई वाहनों के ई-रवाना (e-Ravana) भी जनरेट नहीं हो पा रहे हैं। इससे ट्रक चालक, परिवहन व्यवसायी, माइंस संचालक और इस उद्योग से जुड़े हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो इसका असर केवल खनन उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवहन व्यवसाय और स्थानीय व्यापार भी गंभीर रूप से प्रभावित होंगे।
दिनेश पुष्करणा ने राज्य सरकार और माइनिंग विभाग से मांग की है कि सभी पक्षों से संवाद कर जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि लोडिंग कार्य पुनः सुचारू रूप से शुरू हो सके और ट्रक चालकों, मजदूरों व व्यापारियों को राहत मिल सके।