राजस्थान में अगले कुछ घंटों में मानसून की एंट्री, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मानसून की एंट्री का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून प्रदेश के दक्षिणी द्वार बांसवाड़ा के बेहद करीब पहुंच चुका है और अगले कुछ घंटों में राजस्थान में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग में बारिश का दायरा बढ़ेगा। वहीं 4 और 5 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटपूतली-बहरोड़ और बूंदी जिलों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, बिजली चमकने, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
इसके अलावा पाली, राजसमंद, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, नागौर और डीडवाना-कुचामन सहित कई जिलों में भी मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। जोधपुर और बीकानेर संभाग में 3 से 4 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 3 से 6 जुलाई के दौरान कुछ इलाकों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अच्छी बारिश होने की संभावना है।
गर्मी से मिलेगी राहत मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

