नेशनल मास्टर्स पावरलिफ्टिंग: बीकानेर के खिलाड़ियों ने बनाए नए राष्ट्रीय कीर्तिमान
बीकानेर। महाराष्ट्र के संभाजीनगर में आयोजित नेशनल मास्टर्स पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बीकानेर के खिलाड़ियों ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए और राष्ट्रीय कीर्तिमान भी स्थापित किए।
प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए आशीष ओझा ने बताया कि मास्टर-1 (+120 किलोग्राम) भार वर्ग में हंसराज किराडू (सहायक डाकपाल, सिंथल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
वहीं मास्टर-2 (93 किलोग्राम) भार वर्ग में विक्रम सिंह चौहान, जो राजकीय सार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल के प्रधानाचार्य हैं, ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ बेंच प्रेस में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान भी बनाया।
इसी प्रकार मास्टर-2 (+120 किलोग्राम) भार वर्ग में शिव कुमार व्यास ने स्वर्ण पदक जीतते हुए बेंच प्रेस में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
मास्टर-1 (83 किलोग्राम) भार वर्ग में गिरिराज व्यास ने बेंच प्रेस इंडिविजुअल स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा गजेन्द्र सिंह और अशोक व्यास ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
बीकानेर लौटने पर खिलाड़ियों का सुशील व्यास, सुनील व्यास, पीयूष सोढ़ी, भुवनेश व्यास, रवि छंगाणी, जय शंकर ओझा और अविनाश व्यास सहित खेल प्रेमियों ने स्वागत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बीकानेर और राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।

