Movie prime

नगर निगम के वाहन से कबूतरों को अगवा करने की कोशिश, युवाओं ने चलते ट्रैक्टर पर कूदकर बचाई जान

 
,,

THE BIKANER NEWS:;

बीकानेर। शहर में जीव दया और युवाओं के अदम्य साहस की एक अनोखी घटना सामने आई है। रविवार दोपहर एसपी मेडिकल कॉलेज चौराहे स्थित पवित्र पक्षी चुगाघर से नगर निगम के ही एक ट्रैक्टर द्वारा बेजुबान कबूतरों को अवैध रूप से पकड़कर ले जाने का प्रयास किया गया। लेकिन जागरूक युवाओं की तत्परता और बहादुरी के चलते न केवल कबूतरों की जान बचाई गई, बल्कि दोषियों के खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया गया।

फिल्मी अंदाज में किया पीछा, चलते ट्रैक्टर पर लगाई छलांग

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर नगर निगम का एक ट्रैक्टर (नंबर RJ07RF9737) चुगाघर में जाल डालकर 4-5 कबूतरों को पकड़कर तेजी से भाग रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद रक्तवीर सेवा संस्था बीकानेर और जीव रक्षा संरक्षण टीम के सदस्यों की नजर इस कृत्य पर पड़ गई।

​युवाओं ने तुरंत ट्रैक्टर का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार और तेज कर दी। इसी बीच टीम के युवा सदस्य विकाश बिश्नोई ने अपनी जान की परवाह किए बिना फिल्मी अंदाज में चलते ट्रैक्टर पर छलांग लगा दी। गंगानगर सर्किल पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टर को रुकवाया गया और आमजन की मौजूदगी में कैद किए गए सभी कबूतरों को सुरक्षित आजाद कर दिया गया।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

​इस घटना से आक्रोशित जीव प्रेमियों और संस्था के सदस्यों ने तुरंत सदर थाने का रुख किया। वहां उन्होंने दोषी चालक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाया।

​इसके पश्चात टीम ने जिला कलेक्टर और नगर निगम बीकानेर के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से दो मांगें रखी गईं:

  • ​सरकारी वाहन का दुरुपयोग करने वाले कर्मचारी को तुरंत प्रभाव से सेवा से बर्खास्त किया जाए।
  • ​घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को सीज किया जाए। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

"सरकारी कर्मचारियों की क्रूरता निंदनीय"

रक्तवीर सेवा संस्था के अध्यक्ष राजेश गोदारा और जीव रक्षा संरक्षण के अध्यक्ष मोखराम धारणिया ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने संयुक्त बयान में कहा:

"आस्था के प्रतीक चुगाघर से नगर निगम के वाहन द्वारा कबूतर पकड़ना बेहद शर्मनाक है। यह सरकारी संसाधनों का खुला दुरुपयोग है। हमारे युवा विकाश बिश्नोई, महेंद्र सिंह, अमरचंद और पूरी टीम ने जो साहस दिखाया है, उस पर पूरे बीकानेर को गर्व है। यदि सरकारी कर्मचारी ही ऐसी क्रूरता करेंगे, तो आमजन से क्या उम्मीद की जाए?"

 

​इस साहसिक कार्य और बचाव अभियान में राजेश गोदारा, सचिव ओंकारनाथ सिद्ध, उपाध्यक्ष अब्दुल कलाम, मोखराम धारणिया, महेंद्र सिंह राजावत, अमरचंद और किशन सारस्वत सहित कई जीव प्रेमी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पूरे शहर में युवाओं की इस बहादुरी और जीव प्रेम की जमकर सराहना हो रही है।