Movie prime

ग्रीन संकल्प के तहत हरित रविवार पर 21 फलदार पौधों का पौधारोपण

 
,,

वृक्ष जीवन का आधार, वृक्ष प्राणवायु के भंडार :

बीकानेर/कोलायत। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ग्रीन संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को कोलायत तहसील के मोखा चारणान स्थित चामुंडा फार्म हाउस में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रीन संकल्प के संरक्षक हेमाराम जोशी ने 21 फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

ग्रीन संकल्प के समन्वयक गोपाल जोशी ने बताया कि वर्ष 2019 से लगातार जुलाई व अगस्त माह के प्रत्येक रविवार को "हरित रविवार" अभियान के तहत पौधारोपण किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक हो गया है। वृक्ष न केवल प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर घनश्याम जोशी, नरसी मेघवाल, बाबूलाल नाई, शंकर मेघवाल, प्रहलाद दान तथा अन्य पर्यावरण प्रेमियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि "वृक्ष जीवन का आधार हैं और वृक्ष ही प्राणवायु के सबसे बड़े भंडार हैं।" ग्रीन संकल्प अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित रूप से पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।