Movie prime

सद्भावना दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित, छात्राओं ने रखे राष्ट्रहित एवं सामाजिक एकता से जुड़े विचार

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बिनानी गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में सद्भावना दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शांति, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं सद्भावना की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें अपने विचारों की प्रभावी अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अरुणा आचार्य थीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. बिट्ठल बिस्सा, Adittional Registrar, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए युवाओं में सकारात्मक सोच, आपसी सद्भाव, सहिष्णुता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना का होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक दिशा में ले जाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

विचार गोष्ठी में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वंशिका, आशा, ललिता सोनी, भाव्या मारू, सपना एवं हर्षसिद्धि ने अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द, भाईचारे, शांति और विविधता में एकता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में NSS के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामकुमार व्यास, डॉ. सीमा बिस्सा एवं डॉ. रिचा जोशी की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपने विचार खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अरुणा आचार्य ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम का समापन शांति, एकता, भाईचारे एवं सद्भावना के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षक साथियों ने मिलकर एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लिया, जिसमें आपसी सम्मान, सहयोग और राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि हो।