बीकानेर में सनसनी:इस थाना क्षेत्र में मिले पति-पत्नी के शव, आत्महत्या या हादसा?
बीकानेर। जिले के महाजन थाना क्षेत्र के बडेरन गांव में रविवार को खेत के पास बनी एक जोहड़ी में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाया।
महाजन थानाधिकारी भजनलाल के अनुसार, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सावंतराम पुत्र हनुमान मेघवाल और उनकी 19 वर्षीय पत्नी सुलोचना के रूप में हुई है। दोनों बडेरन गांव के निवासी थे।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। महिला के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या कोई हादसा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

