राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा का प्रांत स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह जल्द, 20 जुलाई तक होंगे आवेदन
THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की ओर से जल्द ही प्रांत स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले शाकद्वीपीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अगस्त माह में प्रस्तावित है।
महासभा के शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक जेठमल शर्मा ने बताया कि सत्र 2024-25 के दौरान कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड, स्नातक, स्नातकोत्तर, सरकारी सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेल, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों का सम्मान किया जाएगा।
शिक्षा प्रकोष्ठ के सह संयोजक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रतिभा सम्मान के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक प्रतिभागी महासभा द्वारा निर्धारित मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर आवेदन लिंक प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है।
महासभा के संगठन मंत्री जुगल किशोर सेवग ने बताया कि सम्मान समारोह का आयोजन अगस्त माह में किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि एवं स्थान की घोषणा शीघ्र अलग से की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान समारोह केवल शाकद्वीपीय समाज के प्रतिभागियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने समाज के अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान पूरे समाज के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है और शिक्षा व संस्कार ही समाज की वास्तविक पहचान हैं।

