टाउन हॉल के बढ़े किराए के विरोध में उतरे नगर के कलाधर्मी
बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा बीकानेर के टाउन हॉल के हाल ही में बढ़ाए गए किराए के विरोध में शुक्रवार को गांधी पार्क में नगर के लगभग डेढ़ सौ रंगकर्मियों, साहित्यकारों, संगीतकारों और लेखकों की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एक सुर में सभी ने टाउन हॉल के बढ़े हुए किराए का पुरजोर विरोध किया। कलाकारों ने इसके लिए सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने का निर्णय लिया जिसके लिए बीकानेर थियेटर यूनिट के तत्वावधान में एक संघर्ष समिति का गठन किया जिसमें सर्व सम्मति से अभिषेक आनंद आचार्य को संयोजक नियुक्त किया गया।
आचार्य ने बताया कि बीकानेर में कला की समस्त विधाओं के आयोजन के लिए उपलब्ध एकमात्र प्रेक्षागृह टाउन हॉल का किराया जहां अब से पूर्व में 550 किराया व 550 विधुत खर्च के रूप में बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा लिया जाता था जिसे हाल ही में बढ़ा कर सीधा 10000 किराया व 2000 धरोहर राशि कर दिया गया जिसे किसी भी संस्था के लिए वहन करना अत्यधिक कठिन हो गया है। इसी संदर्भ में सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन दे कर टाउन हॉल के किराए को पूर्ववर्त किए जाने की मांग की जाएगी।

