Movie prime

बीकानेर में उस्ताद जमना दास कल्ला की ऐतिहासिक रम्मत आज, कीकाणी व्यास चौक में सजेगा रंगमंच

 
,,,
बीकानेर। शहर में होलाष्टक के अवसर पर मंचित होने वाली स्वांग मेहरी रम्मतों के क्रम में कीकाणी व्यास चौक स्थित उस्ताद जमना दास कल्ला की रम्मत का विशेष महत्व है। यह पारंपरिक रम्मत शुक्रवार रात से शुरू होकर शनिवार सुबह तक मंचित की जाएगी।
रम्मत से जुड़े कलाकार एड मदनगोपाल व्यास के अनुसार, इस रम्मत का मंचन रियासतकाल से निरंतर होता आ रहा है। समय-समय पर उस्तादों और कवियों ने अपने व्यंग्यपूर्ण ख्याल गीतों के माध्यम से इसे नई ऊंचाइयां दी हैं। रम्मत के कई ख्याल गीत आज भी लोगों की जुबां पर हैं और होली के अवसर पर गूंजते हैं।
रम्मत का शुभारंभ रात 12 बजे मां लटियाल स्वरूप के अखाड़े में पदार्पण और स्तुति वंदना के साथ होगा। बाल स्वरूप गोपाल ओझा मां लटियाल का रूप धारण करेंगे। मां लटियाल के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है।
रम्मत के दौरान कलाकारों द्वारा चौमासा और ख्याल गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। शनिवार सुबह आशीष एंड पार्टी द्वारा राधा-कृष्ण की पुष्प होली खेली जाएगी, जो कार्यक्रम का आकर्षण रहेगी।
रम्मत में झम्मू मस्तान द्वारा रचित ख्याल, लावणी और चौमासे के माध्यम से सत्ता और शासन पर तीखे व्यंग्य के साथ प्रेम-विरह की भावनाओं का भी सजीव चित्रण किया जाएगा। मंचन के दौरान अन्य पात्रों के साथ टेरिये और वादक अखाड़े के एक ओर बैठकर अपनी भूमिका निभाएंगे।
होलाष्टक के इस सांस्कृतिक आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।