विप्र युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास का किया सम्मान
बीकानेर। बाल के लाल मित्र मंडल के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संस्था की ओर से सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास का उनके निवास पर पहुंचकर सम्मान किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संस्था के अध्यक्ष योगेश आचार्य ने बताया कि विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में दिनेश कुमार व्यास के चयन से समाज के युवाओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि दिनेश व्यास के नेतृत्व में युवाओं को सामाजिक सेवा और रचनात्मक कार्यों से जोड़ने को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
योगेश आचार्य ने बताया कि बाल के लाल मित्र मंडल पिछले एक वर्ष से जरूरतमंदों और असहाय लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए भोजन तथा आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करवाने सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहयोग पहुंचाना और सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर बाल के लाल मित्र मंडल के अध्यक्ष योगेश आचार्य, मोहन पुरोहित, किशन पुरोहित, कृष्णा व्यास, प्रेम रतन पुरोहित सहित अन्य विप्र समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने दिनेश कुमार व्यास को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

