Movie prime

बीकानेर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, करोड़ों की संपत्ति और बैंक खाते सीज

 
,,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियां और बैंक खातों को सीज एवं फ्रीज कराया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एनडीपीएस मामलों में आरोपित तस्करों के खिलाफ दिल्ली की विशेष एनडीपीएस कोर्ट से आदेश प्राप्त होने के बाद की।
यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं सीओ सदर शालिनी बजाज के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, भुट्टों का बास निवासी सत्तार खां के दो मकानों पर कार्रवाई की गई। उसके नवनिर्मित मकान को सीज कर दिया गया, जबकि पुराने रहवासी मकान को फ्रीज किया गया है। परिवार को नियमानुसार 45 दिनों तक उस मकान में रहने की अनुमति दी गई है, जिसके बाद उसे भी सीज किया जाएगा।
इसके अलावा फिरोज पुत्र शहजाद की भैरूं खेरा स्थित करीब आठ बीघा जमीन भी सीज कर दी गई है। वहीं, जेल में बंद शहजाद के बैंक खाते में जमा 12 लाख रुपये तथा शबीर खान की पुत्री परी खान के बैंक खाते में जमा 9 लाख रुपये भी सीज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सत्तार खां और उसके परिवार के सदस्य लंबे समय से एनडीपीएस मामलों में आरोपित हैं। सत्तार पर अकेले 13 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज हैं, जबकि उसके पुत्रों साजिद, सिकंदर और अनीश के मामलों को मिलाकर परिवार के खिलाफ कुल 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सत्तार फिलहाल फरार है, जबकि उसके तीनों बेटे जेल में बंद हैं। वहीं, फिरोज और परी खान भी फरार बताए गए हैं तथा उनके पिता न्यायिक अभिरक्षा में हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।