ब्रेकिंग: मोदी कैबिनेट से रवनीत सिंह बिट्टू की विदाई
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, रवनीत सिंह बिट्टू को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें पंजाब में सक्रिय राजनीति में उतारते हुए किसी हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है।
पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि भाजपा पंजाब में अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने के लिए बिट्टू को केंद्र की जिम्मेदारी से मुक्त कर राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका दे सकती है।
गौरतलब है कि जून माह में रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। ऐसे में उनके इस्तीफे को पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

