IPL 2025- पहले मैच के लिए मुंबई इंडियंस की ये खिलाड़ी संभालेगा कमान
THE BIKANER NEWS IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) अपनी छठी ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इस बार मुंबई इंडियंस का पहला मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 23 मार्च को होगा। हालांकि, इस मैच में मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या टीम का हिस्सा नहीं होंगे। पांड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया है।
मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या ने खुद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी कि सूर्या को इस मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया गया है। पांड्या ने कहा, “सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया के कप्तान हैं, और वे आईपीएल 2025 के पहले मैच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे।”
पांड्या के मुताबिक, हालांकि वह इस मैच में नहीं खेलेंगे, लेकिन उन्होंने मुंबई इंडियंस की कप्तानी नहीं छोड़ी है। पांड्या पर आईपीएल 2024 के अंतिम लीग मैच के दौरान धीमी ओवर गति के उल्लंघन के कारण एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है, जो इस सीजन के पहले मैच में लागू होगा। इसलिए, पांड्या चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।