राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल की अवमानना के विरोध में भाजपा एसटी मोर्चा ने केंद्रीय गृह मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौपा ज्ञापन
जैसलमेर कैलाश बिस्सा
हाल ही में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की पश्चिम बंगाल यात्रा के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने गुरुवार को जिला कलेक्टर जैसलमेर के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अथवा राज्य सरकार के किसी वरिष्ठ मंत्री द्वारा उनका औपचारिक स्वागत नहीं किया गया, जो स्थापित संवैधानिक प्रोटोकॉल की अवमानना के साथ-साथ देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान भी है ।
भाजपा एसटी मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति देश की प्रथम नागरिक होती हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक राज्य सरकार का संवैधानिक दायित्व है। इस प्रकार की घटना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मोर्चा पदाधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री से इस पूरे मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जिला मीडिया प्रभारी बाबू लाल शर्मा ने बताया की भाजपा एस टी मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य ऊगा राम दरबारी के नेतृत्व में आज जिला कलेक्टर जैसलमेर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौपते समय बुथ अध्यक्ष कल्याण सिंह दरबारी ,सवाई दरबारी ,गरामणा राम डागरी , अणदा राम , लालुराम मुलसागर व नाथु राम भील बस्ती साथ थे ।

