डॉ. जालम सिंह का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज
THE BIKANER NEWS.।कैलाश बिस्सा।जैसलमेर। साइबर क्राइम पुलिस थाना जैसेलमेर में सहायक उप - निरीक्षक पुलिस के पद पर पदस्थापित कोहरा गांव निवासी डॉ. जालम सिंह पुत्र हड़वंत सिंह ने अपना नाम एशिया ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाकर राजस्थान पुलिस एवं जैसलमेर को गौरवान्वित किया है।
डॉ. जालम सिंह ने ‘आर्थिक अपराध और पुलिस पर एक पुरस्कार विजेता पुस्तक’ के लिए एक रिकॉर्ड बनाया है। डॉ. सिंह ने यह पुस्तक राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत रहते हुए लिखी थी ,जिस पर 28 अगस्त, 2019 को उन्हें माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा पंडित गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। डॉ. जालम सिंह ने राजभाषा हिंदी में 'आर्थिक अपराध तथा पुलिस' विषय पर पुस्तक लिखी थी, जिसे भारत में पुलिस सुधार एवं पुलिस नीति - निर्माता थिंक टैंक पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 में प्रकाशित किया गया था। पुस्तक का विमोचन 10 जून, 2020 को माननीय तत्कालीन गृह राज्य मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी द्वारा गृह मंत्रालय में पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया था। साथ ही इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के तत्कालीन महानिदेशक श्री वरुण सिंधु कुल कौमुदी द्वारा राजस्थान पुलिस के तत्कालीन डी.जी.पी. डॉ. भूपेंद्र सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए, पत्र लिखकर इसे राजस्थान पुलिस के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया था। अब यह सपना लेखक डॉ. जालम सिंह के लिए पूरा हो गया जब इस पुस्तक ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाया।
पुस्तक में बढ़ते वैश्वीकरण के युग में आर्थिक अपराधों का विस्तृत परिचय दिया गया है।
पुस्तक में आर्थिक अपराधों के निपटान में देश में आर्थिक अपराध से संबंधित कानून एवं अधिनियम के क्रियान्वयन में पुलिस की भूमिका के साथ-साथ अन्य एजेंसियों की भूमिका पर भी चर्चा की गई है।
लेखक डॉ. जालम सिंह ने विभिन्न देशों यू.के., यू.एस.ए.एवं ऑस्ट्रेलिया का तुलनात्मक अध्ययन भी किया है।
डॉ.जालम सिंह को इस बेहतरीन उपलब्धि के लिए एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के संपादकीय बोर्ड द्वारा गहन सत्यापन के बाद चयन कर मेडल, प्रशस्ति पत्र, बैज, कार स्टिकर, कलम एवं वर्ल्डकिंग्स टॉप रिकॉर्ड्स का नवीनतम संस्करण देकर सम्मानित किया है।
डॉ. सिंह की ‘आर्थिक अपराध और पुलिस पर पुरस्कार विजेता पुस्तक' रिकॉर्ड को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अगले संस्करण वर्ल्डकिंग्स टॉप रिकॉर्ड्स में प्रकाशित किया जाएगा।