DA Hike:-कर्मचारियों की बल्ले बल्ले, जून माह से मिलेगा 55 प्रतिशत डीए का लाभ
DA Hike:- मध्यप्रदेश के अफसर-कर्मचारियों के डीए में पांच फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। इस बढ़ोत्तरी के साथ ही अब उन्हें केन्द्रीय कर्मचारियों के समान 55 प्रतिशत डीए मिलेगा। एरियर का भुगतान जून से अक्टूबर माह तक पांच समान किस्तों में मिलना शुरू हो जाएगा। बढ़े वेतन का लाभ अप्रेल से ही मिलेगा। मई का वेतन बढ़ा हुआ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय सम्मेलन में यह घोषणा की। इसका लाभ राज्य के 7.50 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। इसी के साथ कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही डीए की मांग पूरी हो गई।
5 फीसदी अतिरिक्त डीए मिलने से राज्य के खजाने पर 175 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। सीएम डॉ. यादव ने यह भी कहा, लंबे समय से प्रमोशन की मांग चल रही थी। 2016 से यह लंबित है, हम प्रयास कर रहे हैं कि कर्मियों के सभी वर्गो के प्रमोशन जल्द हो सकें।
राज्य कर्मचारियों का डीए सबसे ज्यादा 11 प्रतिशत 27 मार्च 2022 को बढ़ा था। इससे पहले 20% मिल रहा था। इसके बाद 22 अगस्त 2022 को 3% डीए बढ़ा तो कर्मियों को 34% डीए हो गया। 27 जनवरी 2023, 19 जुलाई 2023, 14 मार्च 2024 और 14 अक्टूबर 2024 को 4-4 प्रतिशत बढ़ने से डीए 50% हो गया। अब 27 अप्रेल 2025 को फिर 5 % अतिरिक्त घोषणा के साथ ही कर्मचारियों का डीए 55% हो जाएगा।
प्रमोशन का भी रास्ता खोज रही है सरकार
सीएम ने कहा, जल्द ही प्रमोशन शुरू किया जाएगा। 2016 से प्रमोशन का मामला कई कारणों से उलझा हुआ है। ऐसे में हमारी मंत्रिमंडल की समिति बनाई थी। अफसरों के सभी वर्गों से बात कर बीच का रास्ता निकालने पर बात हो रही है। महाकाल चाहेंगे तो जल्दी यह समय आएगा।