बीकानेर के निशानेबाजों का स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, जीते 2 रजत व 1 कांस्य पदक
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जयपुर में आयोजित 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विनायक स्पोर्ट्स शूटिंग अकादमी, बीकानेर के निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत (सिल्वर) और एक कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किए।
अकादमी के डायरेक्टर विरेन्द्र चौधरी ने बताया कि वेदिका शर्मा ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल प्रतियोगिता में भी रजत पदक हासिल कर बीकानेर का नाम रोशन किया।
वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में अरविंद गोदारा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
अकादमी के कोच प्यारेलाल बाटड़ ने बताया कि राजस्थान राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में अकादमी के 50 निशानेबाजों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल एवं 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट क्वालिफाई किया तथा प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।
उन्होंने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण का परिणाम है तथा भविष्य में भी अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर का नाम रोशन करेंगे।

