Delhi-Jaipur Highway पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार से आ रही कार खड़े ट्रेलर से टकराई, 3 लोगों की मौत
खाटू श्याम से वापस गुरुग्राम लौट रहे थे...
Delhi Jaipur Highway Accident: आज तड़के सुबह करीब तीन बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ़्तार कार और ट्राले की टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल गुरमीत सिंह का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी श्रद्धालु खाटू श्याम से दर्शन करके वापस गुरुग्राम लौट रहे थे, जब नीमराना पुलिस स्टेशन के सामने दुर्घटना हुई।
यह दुर्घटना दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुई। मृतकों की पहचान वीरेंद्र कुमार (60), सतीश गोड (40) और अंकुश कुमार (37) के रूप में हुई है।
पुलिस को रात में गश्त के दौरान मिली सुचना:
हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने कहा कि यह घटना रात में गश्त के दौरान हुई। मौके पर पहुंचने पर मारुति कार को पीछे से ट्रेलर से बुरी तरह टकराते हुए देखा गया। कार में चार लोग थे, जो गुरुग्राम के खंडसा में अपने घर लौट रहे थे। सभी लोग खाटू श्याम से बाबा श्याम के दर्शन करके लौट रहे थे।
क्रेन से निकाली गई कार:
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्राले में बुरी तरह से फंस गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। दुर्घटना के कारण राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने वाहनों को डाइवर्ट करके बहाल किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया है।