Rajasthan News : राजस्थान में शादी में बर्तनों की टेंशन होगी खत्म, एक हजार पंचायतों में शुरू होंगे बर्तन बैंक, तीन रूपये में मिलेगा ये लाभ
प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऐसे 400 सेट रखे जाएंगे। प्रत्येक बर्तन पर ग्राम पंचायत का नाम एवं स्वच्छ भारत मिशन अंकित करवाया जाएगा। एक सेट में तीन कटोरी, एक गिलास, एक थाली, एक चमच रहेगी।
Rajasthan News : सरकार के बर्तन बैंक में ग्रामीणों को बर्तन फ्री में नहीं मिलेंगे। इसके बदले एक सेट के तीन रुपए देने होंगे। पहले चरण में राजस्थान की एक हजार ग्राम पंचायतों में बर्तन बैंक खोले जाएंगे।
गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार बर्तन बैंक खोल रही है। शेखावाटी के सीकर, चूरू व झुंझुनूं में 81 बर्तन बैंक खोले जाएंगे। सीकर जिले में तीस ग्राम पंचायतों का पहले चरण में चयन किया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय के शासन सचिव एवं आयुक्त जोगाराम तथा राज्य मिशन निदेशक सलोनी खेमका ने इसके लिए गाइड लाइन जारी की है।
पांच वर्ष में बदलेंगे बर्तन
बर्तन पांच वर्ष बाद बदले जा सकेंगे। बर्तन देने के दौरान बीपीएल, अनुसूचित जाति-जनजाति, दिव्यांग आदि को किराए में पचास प्रतिशत की छूट दी जा सकेगी।
बर्तन खोने और टूटने पर उपयोगकर्ता से भरपाई की जाएगी। इन बर्तनों की सार संभाल स्वयं सहायता समूह की ओर से की जाएगी। इसके लिए एमओयू किया जाएगा।
एक सेट में इतने बर्तन रहेंगे
प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऐसे 400 सेट रखे जाएंगे। प्रत्येक बर्तन पर ग्राम पंचायत का नाम एवं स्वच्छ भारत मिशन अंकित करवाया जाएगा। एक सेट में तीन कटोरी, एक गिलास, एक थाली, एक चमच रहेगी।
इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को राज्य सरकार एक एक लाख की राशि देगी। प्रदेश की भाजपा सरकार ने बजट में एक हजार पंचायतों में बर्तन बैंक बनाने की घोषणा की थी।