राजस्थान के इस विधायक की बढ़ीं मुश्किलें, 60 लाख के मामले में एफआईआर
हनुमानगढ़। जिले की पीलीबंगा विधानसभा से कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष बनाने का भरोसा देकर 60 लाख रुपये अमानत के तौर पर लेने और रकम वापस नहीं लौटाने के आरोप में विधायक विनोद गोठवाल और उनके निजी सचिव मोहित बिश्रोई के खिलाफ पीलीबंगा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला पीलीबंगा नगर पालिका की पूर्व कांग्रेस पार्षद एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी शारदा पूनिया की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जून 2025 में उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष बनवाने का आश्वासन देकर 60 लाख रुपये अमानत के रूप में लिए गए, लेकिन बाद में न तो वादा पूरा किया गया और न ही राशि लौटाई गई।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि 20 जुलाई को कांग्रेस की कुम्हार धर्मशाला में आयोजित बैठक के बाद जब उन्होंने विधायक से अपने पैसे वापस मांगे तो कथित रूप से रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया। इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी भी दी गई। शिकायत में विधायक के निजी सचिव मोहित बिश्रोई पर भी अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

